कुल्लू के कलैहली में आयोजित जिला स्तरीय शंतरज प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी।-संवाद
कुल्लू। जिला शतरंज संघ की ओर से हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज संघ के तत्वावधान में अंडर-15 शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। सोमवार को लाॅ मॉन्टेसरी स्कूल कलैहली में चैंपियनशिप का समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 64 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ओपन वर्ग में छह जबकि बालिका वर्ग में पांच राउंड खेले गए।
ओपन वर्ग में निश्चय ठाकुर ने 5.5 अंकों के साथ प्रथम स्थान पाया है जबकि राघव शर्मा दूसरे स्थान पर रहे। आयुष शर्मा ने पांच अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में सैजल सभी मुकाबले जीतते हुए पांच अंकों के साथ चैंपियन बनीं। हरमैनी ने चार अंकों के साथ दूसरा और भैरवी सिंह चार अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। समापन मौके पर कुल्लू शतरंज संघ के अध्यक्ष ललित वैद्य ने खिलाड़ियों के लिए नई प्रोत्साहन योजना की घोषणा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान सत्र से राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले जिला कुल्लू के शीर्ष दो खिलाड़ियों को दो-दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। हिमाचल प्रदेश की किसी भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले जिला कुल्लू के प्रत्येक खिलाड़ी को संघ की ओर से तीन हजार रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। समारोह के मुख्य अतिथि रहे हिमालयन हाइडल एनर्जी के निदेशक अमित नारंग ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। संवाद