जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त ने दिए निर्देश
बिंदु ढांक जैसी जगह पर रिफ्लेक्टर टेप इत्यादि लगाने के लिए कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार को उपायुक्त तोरुल एस रवीश की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग को अपनी-अपनी सड़कों में ब्लैक स्पॉट्स को दुरुस्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए राष्ट्रीय मार्गों तथा संपर्क सड़कों पर ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर चेतावनी बोर्ड स्थापित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बढ़ते सड़क हादसों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि बिंदु ढांक जैसी जगह पर रिफ्लेक्टर टेप इत्यादि लगाई जाए, ताकि दुर्घटनाएं रोकी जा सकें। उन्होंने खासकर कुल्लू-भुंतर-मनाली के बीच भी दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप्स इत्यादि लगाने को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्कूल बसों का भी सुरक्षा की दृष्टि से आरटीओ तथा एसडीएम निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला के तमाम उपमंडल अधिकारियों को भी वाहनों में ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और प्रेशर हॉर्न पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण करें।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण बीएस नेगी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजेश भंडारी, डीएसपी राजेश सहित एनएचएआई, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।