कुल्लू में गाड़ियों, इलेक्ट्रानिक्स वस्तुओं की खरीदारी के लिए करवाई एडवांस बुकिंग
वाहनों के डेढ़ लाख रुपये तक कम हुए दाम, एसी और पावर टूल की भी बढ़ी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। इस बार नवरात्रों को नया जीएसटी स्लैब खास बनाएगा। खासकर गाड़ियां खरीदने वालों के लिए यह नवरात्र खास रहने वाले हैं। अलग-अलग कंपनियों की गाड़ियों पर 1.5 लाख तक दाम कम हुए हैं।
अन्य कई गाड़ियों के दाम भी 50 हजार से एक लाख रुपये से अधिक तक घटे हैं। नवरात्रों को लेकर लोगों ने गाड़ियां खरीदने के लिए एडवांस बुकिंग करवाई है।
बाशिंग स्थित टाटा मोटर में अब तक 22 गाड़ियों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। ब्रांच मैनेजर भीष्म ठाकुर ने बताया कि लोगों ने जीएसटी के नए स्लैब से सस्ती हुईं गाड़ियों के चलते नवरात्र को देखते हुए एडवांस बुकिंग करवा ली है। 22 गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है। उनके पास नैक्सा गाड़ी के रेट 1 लाख 10 हजार रुपये तक कम हुए हैं। पंच गाड़ी में 80 हजार और क्यागो में 65,000 रुपये तक दाम घटे हैं।
उधर, हुंडई की क्रेटा गाड़ी के दाम 1 लाख 50 हजार रुपये तक कम हुए हैं। इधर, इलेक्ट्रानिक वस्तुओं के दाम कम होने से भी लोगों ने एडवांस बुकिंग करवा ली है। एलईडी, एसी, डिशवाश के अलावा पावर टूल में 10 से 20 फीसदी तक रेट कम हुए हैं। डीके इलेक्ट्रानिक के प्रबंध निदेशक अनंत सूद ने कहा कि उनके पास एसी की 25, डिशवाश की 10 और पावर टूल की 20 एडवांस बुकिंग आ चुकी है।
बर्तन को लेकर ज्यादा उत्साह नहीं
बर्तन की खरीद को लेकर लोगों में कोई खास उत्साह देखने को नहीं मिल रहा है। हालांकि नागचला बर्तन स्टोर के राकेश का कहना है कि जीएसटी के नए स्लैब से दाम में काफी फर्क पड़ा है लेकिन अभी पिछले साल की अपेक्षा 50 प्रतिशत लोग भी नहीं आ रहे हैं। हालांकि नवरात्र से उम्मीद बंधी है लेकिन अभी तक कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है।
दूध, पनीर में कोई खास बदलाव नहीं
नवरात्र को लेकर दूध और पनीर के दामों में कोई खास असर नहीं दिख रहा है। जिले में अधिकतर स्थानीय दूध ही बाजार में उतर रहा है। इसके दाम पहले ही काफी कम हैं। दूध, पनीर एवं सब्जी विक्रेता हैदर के अनुसार दूध 30 रुपये प्रति लीटर से लेकर 55 रुपये तक मिल रहा है। पनीर 250 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से मिल रहा है।