कुल्लू। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार में आयोजित पीटीए बैठक बेनतीजा रही। इसमें अभिभावकों की उपस्थिति कम रही। संख्या कम होने से शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया। न ही विकासात्मक कार्यों पर कोई खास फैसला हो पाया। गौरतलब है कि महाविद्यालय में हजारों विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। महाविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के लिए पीटीए की कार्यकारिणी का गठन करने के लिए बैठक का आयोजन किया था। इसके अलावा विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने पर विशेष चर्चा, प्राध्यापकों और अभिभावकों की सहमति से महाविद्यालय में विकास कार्यों को करने पर फैसले लिए जाने थे। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए क्या प्रयास किए जा सकते हैं, इन विषयों पर विचार किया जाना था लेकिन अभिभावकों की कम संख्या समस्या बनी।
उधर, प्राचार्य डाॅ. आरके सिंह ने बताया कि पीटीए नियमों के अनुसार नई कार्यकारिणी का गठन करने के लिए आयोजित पहली बैठक में दो-तिहाई अभिभावकों की उपस्थिति अनिवार्य होती है लेकिन संख्या कम रही। उन्होंने कहा कि अब नियमों का पालन करते हुए 23 अगस्त को दूसरी बैठक रखी गई है। इसमें पीटीए की नई कार्यकारिणी का गठन करने के अलावा महाविद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और विकासशील कार्यों पर चर्चा की जाएगी।