आपदा के बाद कुल्लू जिले में धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा जनजीवन
हाईवे, ग्रामीण सड़कें बहाल होने के बाद खरीदारी के लिए आने लगे लोग
राजीव नैय्यर
कुल्लू। जिले में इस बरसात भारी तबाही के बाद कारोबार धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है। करीब डेढ़ माह बाद कुल्लू-मनाली, औट-सैंज-लुहरी हाईवे के अलावा ग्रामीण सड़कों पर बसें दौड़ने लगी हैं।
ऐसे में लोग भी घराें से निकलकर खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। नवरात्रों में कारोबार अच्छा होने से कारोबारियों को आस बंधी है। वहीं, अब कारोबारियों को दशहरा और दिवाली से उम्मीद है कि इस दौरान कारोबार में बढ़ोतरी होगी और त्योहारी सीजन उनके लिए बेहतर बनेगा।
गौर रहे कि जिला कुल्लू में इस बरसात हाईवे के साथ संपर्क सड़कें बंद रही हैं। करीब एक माह बाद बस सेवाएं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए शुरू हो पाई हैं। त्योहारी सीजन होने की वजह से लोग भी खरीदारी के लिए आने लगे हैं। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा, दिवाली, करवाचौथ, धनतेरस और भाई दूज होने से कारोबार बढ़ने का भरोसा कारोबारियों को है। नवरात्रों में कपड़ा, बर्तन, सराफा, वाहनों के अलावा निर्माण सामग्री की खरीदारी बहुत हुई है। इससे अब त्योहारी सीजन पर कारोबारियों की नजरें टिकी हैं।
त्योहारी सीजन में लोग जरूरत के अनुसार खरीदारी करते हैं। दशहरा, धनतेरस और दिवाली के दिन लोग अधिक खरीदारी करते हैं। ऐसे में उम्मीद है कि आपदा के बाद कारोबार बेहतर होगा और खरीदार खरीदारी में रूचि दिखाएंगे। -राकेश, नागचला बर्तन स्टोर
नवरात्रों के बाद दशहरा, करवाचौथ, भाई दूज और दिवाली का होना कारोबार में बेहतरी की उम्मीद है। इन दिनों में लोग सराफा बाजार से आभूषणों की खरीदारी करते हैं। ऐसे में उम्मीद है कि नवरात्रों से अधिक कारोबार होगा। -प्रदीप जैन- जैन ज्वेलर
नवरात्रों से त्योहारी सीजन आरंभ हो जाता है। इन दिनों लोग घर साथ अन्य निर्माण कार्यों को शुरू करना शुभ मानते हैं। ऐसे में दिवाली तक कारोबार में उछाल आने की उम्मीद है। नवरात्रों में लोगों ने खूब खरीदारी की है। -श्रेष्ठ वर्मा, वर्मा इंटरप्राइजेज
नवरात्रों में लोगों ने इलेक्ट्रानिक सामान की खरीदारी अच्छी हुई है। ऐसे में दशहरा, दिवाली के साथ करवाचौथ और भाई दूज पर कारोबार बेहतर होने की पूरी उम्मीद है। -अनंत सूद, डीके इलेक्ट्रानिक्स