उदयपुर (लाहौल- स्पीति)। लाहौल के मूरिंग पंचायत के दुर्गम गांव नैनगार के 32 लोगों ने टीका लगवाया है। इसमें 90 वर्षीय बुजुर्ग फुंचोग अंगरुप भी शामिल हैं। वे टीकाकरण के लिए गांव से करीब आठ किलोमीटर दूर सब सेंटर चोखंग पहुंचे।
टीकाकरण के लिए लाहौल घाटी के लोग खुलकर आगे आने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग लाहौल के मुताबिक नैनगार गांव के 60 से अधिक आयु वर्ग के तीन लोगों को पहला और दूसरा टीका लगवाया गया। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के आठ लोगों को पहला टीका लग चुका है। वहीं 18 वर्ष से अधिक आयु के 17 युवाओं को कोरोना का पहला टीका लगवाया गया।
मूरिंग पंचायत की उपप्रधान देवी सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लाहौल घाटी के लोगों की सुविधाओं के लिए हर एक गांव के नजदीक टीकाकरण केंद्र स्थापित कर रहा है। नैनगार की आबादी सर्दी में अपने पंचायत मूरिंग तो छोड़िए चोखंग, छोगजिंग और गवाड़ी गांव से भी अलग-थलग हो जाती है। बता दें कि संचार क्रांति के युग में आज भी उस क्षेत्र में मोबाइल सेवा उपलब्ध नहीं है।
जिला कोविड निगरानी अधिकारी डॉ. रंणजीत सिंह वैद्य ने कहा कि मूरिंग पंचायत के तहत चोखंग, छोगजिंग, गवाड़ी और नैनगार के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चोखंग सब सेंटर में तीन बार टीकाकरण अभियान चलाया गया।