कुल्लू। ढालपुर के देवसदन में सोमवार को मंडी संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का मंडी लोकसभा उपचुनाव पर ही फोकस रहा। दोनों नेताओं ने अपने भाषण में मंडी लोस उपचुनाव का बार-बार जिक्र किया। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि भाजपा के लिए मंडी लोस उपचुनाव कितना महत्वपूर्ण है। 2022 के विस चुनाव से पूर्व मंडी का उपचुनाव भाजपा संगठन के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के लिए एक चुनौती है।
नड्डा ने जहां कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाया, वहीं उन्होंने योजना के तहत काम करने का मंत्र दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इससे पहले जो भी चुनाव हुए भाजपा ने उनमें जीत हासिल की है। उन्होंने पदाधिकारियों को चुनाव के समय केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से किए गए विकास को जनता के बीच ले जाने की बात कही। बैठक में मंडी लोस उपचुनाव के लिए टिकट के दावेदारों में आधा दर्जन नेता भी शामिल थे। क्षेत्रफल के हिसाब से देश का दूसरा सबसे बड़ा मंडी लोकसभा क्षेत्र के उपचुनाव में टिकट की दावेदार कुल्लू के पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, भीमसेन, राहुल सोलंकी, मंडी से अजय राणा, खुशहाल ठाकुर तथा महेंद्र सिंह शामिल रहे। पूर्व सांसद महेश्वर ने दो माह ही पूर्व टिकट की दोवदारी के लिए हाईमकान को पत्र लिखा है और वह उपचुनाव को सेेमीफाइनल कह चुके हैं। संवाद
बैठक के लिए सुबह से पहुंच गए नेता
मंडी संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक के लिए सुबह से ही भाजपा नेता पहुंचने शुरू हो गया था। इसमें पांगी-भरमौर, लाहौल, किन्नौर, रामपुर, मंडी जिला के साथ कुल्लू के पदाधिकारी मौजूद रहे। मंडी लोकसभा क्षेत्र में 17 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। ऐसे में लोकसभा उपचुनाव पर सभी की नजरें टिकी हैं।