दशहरा उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में स्टार कलाकार अजय चौहान ने बांधा समां
ट्विंकल, अजय चौहान और धर्मेंद्र ने भी बेहतरीन प्रस्तुतियाें से लूटी महफिल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी कलाकारों के नाम रही। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली लोक गायक अजय चौहान ने बतौर स्टार कलाकार प्रस्तुति दी। लोक गायक धर्मेंद्र शर्मा ने परंपरागत नाटियों के माध्यम से दर्शकों को झुमाया। लोक गायिका ट्विंकल और राजीव नेगी ने भी एक से बढ़कर एक पहाड़ी और फिल्मी गीत पेश कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दर्शक भी खूब नाचे।
स्टार कलाकार अजय चौहान ने झूठे तेरे वादे झूठी कसमा झुमका झुमका, नाटी रा चस्का बुरा, इश्क हुआ आपसे प्यार हुआ आपसे, तेरी सोहनी सोहनी चाल सहित अनेक गाने पेश कर दर्शकों को नचाया। धर्मेंद्र शर्मा ने शुने जोते रे चिडुआ कुल्लू देशे री कहानी, हिंउआ रे लागे पूणे, तेरे नखरे हो झुरी पागले, झुरी रा कैरना की पीपली खाईए लागी शी शी आदि पहाड़ी गीत पेश कर मनोरंजन किया।
ट्विंकल ने कुल्लू मनाली लगा मेला इंद्रा ऐहिंदी कैही न, पातो पानो रा, पानी री टंकी भाई रामा, लछी लछी लोग गलांदे, कुल्लू री ए पौटू आलिए गीत पेश किए।
इस सांस्कृतिक संध्या का आगाज शाम को साढ़े चार बजे हुआ। शुरुआत में स्थानीय कलाकारों मंच संभाला। इस मौके पर विपिन कुमार, डॉनी राणा, मनोज कुमार, अमायरा, राधिका लाल, नानक चंद, तमन्ना ठाकुर ने गीत पेश कर कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। इसके अलावा नारायण ठाकुर, राम हिमाचली, अनुज शर्मा, रागिनी, प्रियंका, जीवन ठाकुर, मीनाक्षी चौधरी, ऋषिका कपूर ने अपने गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके अलावा तारा शर्मा, ट्विंकल शर्मा एंड ग्रुप, ठाकुर समीर मलाणी ने नृत्य कर दर्शकों को झुमाया। चमन ठाकुर ने बांसुरी वादन के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन किया।
कुल्लवी नाटी से संध्या शुरू
इस संध्या का विधिवत आगाज कुल्लवी नाटी के साथ किया गया। इसके माध्यम से सांस्कृतिक दल ने कुल्लवी ठेठ संस्कृति का प्रदर्शन कर उत्सव में आए दर्शकों को यहां की संस्कृति से रूबरू करवाया। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में लाहौल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा, महिला आयोग की अध्यक्षता विद्या नेगी शामिल हुईं। उत्सव कमेटी की ओर से उनका स्वागत किया गया। उन्होंने इस मौके पर दशहरा उत्सव की बधाई दी।