खराहल (कुल्लू)। घाटी की छह पंचायतों के लोगों ने ढालपुर से काईस तक मुद्रिका बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में चार पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार और मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ से बस सेवा शुरू करने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द ही इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री को भी प्रस्ताव सौंपा जाएगा।
किसान सभा के उपाध्यक्ष देवराज नेगी, काईस पंचायत के प्रधान वेली राम, गाहर पंचायत के उपप्रधान भूपेंद्र कोटिया, न्योली पंचायत के प्रधान विशाल महंत, समिति सदस्य पुष्पा देवी तथा थरमाण, गाहर, काईस और सेउबाग महिला मंडलों ने मुद्रिका बस सेवा शुरू करने की मांग को जोरदार ढंग से उठाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इन पंचायतों के लोगों को दैनिक कार्यों के लिए कुल्लू आना पड़ता है। समय पर बस सुविधा उपलब्ध न होने के कारण लोगों को ऑटो रिक्शा और टैक्सी का सहारा लेना पड़ता है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है।
घाटी के नवीन कुमार, हर्ष, नतिन, बुद्धि प्रकाश, रवीना और सतीश ठाकुर ने कहा कि काईस से ढालपुर तक मुद्रिका बस सेवा शुरू होने से आम लोगों के साथ-साथ नौकरीपेशा लोगों तथा स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि राइट बैंक क्षेत्र में यह सुविधा पहले से उपलब्ध है, जबकि वामतट के ग्रामीण इससे वंचित हैं। इसके चलते लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर संबंधित विभाग के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोगों की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।