केलांग में दिशा कमेटी की बैठक की करेंगी अध्यक्षता
लाहौल के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रणौत 31 अक्तूबर को जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के दौरे पर आएंगी।
वह जिला मुख्यालय केलंग में दिशा कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगी और जन सुनवाई भी करेंगी। पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने मनाली में पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इससे पहले केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजु के साथ भी कंगना लाहौल-स्पीति दौरे पर आई थीं। इस दौरान मंत्री ने 250 करोड़ की योजनाओं को स्वीकृत करवाने की घोषणा की थी। इन्हें शीघ्र अमलीजमा पहनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिशा कमेटी के नौ सदस्यों ने स्वीकृत विभिन्न योजनाओं का खाका तैयार कर दिल्ली भेजा है। इनमें स्पीति घाटी की रंगरीक नदी में भूमि कटाव को रोकने के लिए तटीकरण और उठाऊ पेयजल योजना, लोवर क्योमो, क्योटो और चिचोंग में बाढ़ नियंत्रण के लिए तटीकरण, गोंधला पंचायत में सिंचाई योजना मूलिंग नाले से उठाऊ सिंचाई और पेयजल, योजना गुरुघंटाल और तुपचिलिंग गोंपा में हिमस्खलन के बचाव के लिए चेकडैम और शांशा व गोशाल गांव के लिए ऐपल ग्रेडिंग मशीन और कोल्ड स्टोर बनाने की योजना शामिल है। जाहलमा नाले में बाढ़ आने से हुए नुकसान की भरपाई के साथ आसपास के चार गांवों का तटीकरण भी शामिल है।
उन्होंने कहा कि घाटी में चल रहीं सभी विकासात्मक योजनाएं केंद्र सरकार की ओर से प्रायोजित है। केंद्र से आपदा के लिए आए पैसे का सरकार दुरुपयोग कर रही है। आपदा प्रभावितों की मदद के बजाय यह पैसा लोक निर्माण विभाग को स्थानांतरित कर पुराने बिलों की अदायगी की जा रही है।
स्थानीय विधायक खुले मंचों से घोषणा तो कर रही है लेकिन धरातल में कुछ भी नहीं दिखाई दे रही है। रिज मैदान में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा लगाई गई है। वह याद दिलाना चाहते है कि पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल के योगदान को भी याद कर लें। लाहौल-स्पीति में भाजपा का संगठन मजबूत हो रहा है। पहले कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ा लेकिन अब सब कुछ ठीक है।