मनाली के धुंधी ब्रिज से तीन किलोमीटर पिछे पहाड़ी में भटकते पर्यटक को रेस्क्यू करते हुए।-वीडीओग्
मनाली। ट्रैकिंग पर ब्यासकुंड की तरफ गया एक पर्वतारोही पर्यटक बर्फ में फंस गया। पुलिस ने सूचना मिलने पर उसे रेस्क्यू मनाली पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक अर्शद नरिक्कोट्टु मेचेरी, निवासी पेचेरी हाउस, केरल (20) अकेले ब्यासकुंड की ओर ट्रैकिंग के लिए गया था, जहां वह बर्फ में फंस गया। उसके जूते बर्फ में गीले हो जाने के कारण वह चलने में असमर्थ हो गया था।
पुलिस को 112 के माध्यम से यह सूचना मिली। अटल टनल रोहतांग की सुरक्षा में तैनात सब-इंस्पेक्टर राज कुमार को पुलिस टीम सहित तत्काल ब्यासकुंड की ओर रवाना किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचने पर पाया कि उक्त युवक धुंधी ब्रिज से लगभग 2 से 3 किलोमीटर ऊपर बर्फ के बीच फंसा हुआ था। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर राज कुमार एवं उनकी टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और पर्यटक को सुरक्षित स्थान तक लाया। संवाद