आपदा की एवज में राहत पैकेज नहीं मिलने का मलाल
पर्यटन कारोबारियों में बजट को लेकर कहीं खुशी, कहीं गम
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। केंद सरकार की ओर से जारी बजट की किसी ने सराहना की तो किसी ने इसे लोगों की उम्मीद पर खरा न उतरने वाला बताया। केंद्र सरकार के बजट में पर्यटन नगरी को नई सौगात जरूर मिली है।
हिमाचल में माउंटेन ट्रेल बनाने का एलान पर्यटन कारोबार को नई दिशा देगा। हालांकि पर्यटन कारोबारियों को बजट में बड़े पैकेज की उम्मीद थी। इस संदर्भ में मनाली के पर्यटन कारोबारियों से राय जानी गई तो कोई बजट से खुश दिखा तो कोई नाखुश। लिहाजा, केंद्र सरकार के इस बजट को मिला-जुला करार दिया।
माउंटेन ट्रेल बनाने के एलान से हिमाचल को सौगात मिलने की उम्मीद है। मनाली में इस योजना के तहत बजट मिला तो नए पर्यटन स्थल विकसित हो सकेंगे। इससे मनाली के पर्यटन कारोबार में इजाफा होगा। - रोशन ठाकुर, अध्यक्ष, होटलियर एसोसिएशन
केंद्र के बजट से कुछ खास नहीं मिला है। टूरिस्ट गाइड बनाने कि योजना अच्छी है लेकिन आपदा का दंश झेलने वाले पर्यटन कारोबारियों को केंद्र सरकार ने कोई बड़ी राहत नहीं दी है। - गोवर्धन शर्मा, पर्यटन कारोबारी
पर्यटन कारोबारी लंबे समय से मनाली में नए पर्यटन स्थल विकसित करने की मांग कर रहे हैं। माउंटेन ट्रेल बनने से नए पर्यटन स्थल बनेंगे। मनाली में पर्यटकों का ठहराव बढ़ेगा। हालांकि आपदा से हुए नुकसान की एवज में हिमाचल को बड़ी मदद की उम्मीद थी। इस संदर्भ में फिर मामला सरकार से उठाया जाएगा। -गजेंदर ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष, फाउंडेशन ऑफ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन।
आपदा से हुए नुकसान का बजट में कोई जिक्र नहीं है। केंद्र को हिमाचल के लिए नुकसान की भरपाई के लिए बड़े बजट की उम्मीद थी।
- गौतम ठाकुर, होटल कारोबारी