शुष्क ठंड से दिक्कतें, क्षेत्रीय अस्पताल में लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या
दिसंबर से लेकर जनवरी तक 13,499 मरीजों का हुआ पंजीकरण
राजीव नैय्यर
कुल्लू। जिले में अस्थमा, वायरल, पीलिया और डायरिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले चार माह में मरीजों के पंजीकरण में तेजी आई है।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू की मेडिसिन ओपीडी में एक अक्तूबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक 13,499 मरीजों का उपचार हुआ है। इनमें अस्थमा, वायरल के अलावा पीलिया और डायरिया के मरीज भी अधिक संख्या में उपचार करवाने पहुंचे हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों का कहना है कि अक्तूबर से जनवरी माह तक बारिश न होने की वजह से शुष्क ठंड का दौर रहा है। शुष्क ठंड से हवा में पीएम 2.5 के कण बढ़ जाते हैं। इससे लोग बीमारियों की चपेट में अधिक आ जाते हैं। ऐसे में पिछले कुछ माह में वायरल और सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। इसके अलावा अक्तूबर से पहले बरसात में भारी बारिश और बाढ़ से स्वच्छ पेयजल न मिलने की समस्या भी रही है। इससे डायरिया और पीलिया के मरीज बढ़े हैं। मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. कल्याण ठाकुर और डॉ. नितेश कुमार ने कहा कि सर्दी के मौसम में ठंड के कारण वायरल और अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ती है। ओपीडी में रोजाना 120 से 150 मरीजाें का उपचार किया जा रहा है। इनमें वायरल के मरीज अधिक मिल रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर ने कहा कि कुल्लू अस्पताल में तीन मेडिसिन विशेषज्ञ सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांस, पेट और वायरल संबंधी लक्षण दिखने पर चिकित्सकीय परामर्श लें।
कैसे स्वस्थ रहे अस्थमा के मरीज
सर्दी के मौसम में अस्थमा के मरीजों को स्वस्थ रहने के लिए सुबह और शाम की ठंडी हवा से बचना, बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करना और इनहेलर को साथ रखना चाहिए। घर के अंदर ही हल्का व्यायाम करना चाहिए ताकि फेफड़े स्वस्थ रहें। इसके अलावा चिकित्सकीय परामर्श से फ्लू का टीका लगवाना चाहिए।
वायरल से बचाव के लिए क्या करें
मौसम बदलने के साथ ही वातावरण में आए कीटाणुओं से होने वाले बुखार को वायरल बुखार कहते हैं। ये हवा और पानी के जरिये फैलते हैं और इंसान के शरीर तक पहुंच जाते हैं। इसमें बुखार, जुकाम, खांसी की समस्या बढ़ जाती है। इससे बचने के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखें। खाने से पहले हाथों को अच्छी तरह साबुन-पानी से धोएं। बाहर का खाना खाने से बचें, भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें तथा मास्क व सुरक्षित शारीरिक दूरी रखें।
किस माह कितने मरीजों का उपचार
माह महिला पुरुष कुल
अक्तूबर 1,718 1,271 2,989
नवंबर 2,038 1,297 3,335
दिसंबर 2,019 1,414 3,433
जनवरी 2,247 1,495 3,742