कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति देने के लिए चल रहे ऑडिशन में तीसरे दिन सौ से अधिक कलाकार जुटे। इन्होंने देव सदन कुल्लू के सभागार में ऑडिशन दिया। हालांकि, सोमवार को पहले दिन ऑडिशन देने वाले कलाकारों का आंकड़ा 50 था जो मंगलवार को ऑडिशन के दूसरे दिन 85 तक पहुंचा। इसके अलावा बुधवार को 100 से अधिक कलाकार पहुंचे। कलाकारों में ऑडिशन देने को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में भी ऑडिशन की प्रक्रिया जारी रहेगी। हालांकि, जिला कुल्लू से संबंध रखने वाले कलाकारों का आठ अक्तूबर को ही ऑडिशन होगा। उसके बाद नौ और दस अक्तूबर को दूसरे जिलों से संबंध रखने वाले कलाकार ऑडिशन प्रक्रिया में भाग लेंगे।
जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया ने बताया कि बुधवार को 100 से अधिक कलाकार ऑडिशन में भाग लेने पहुंचे हैं, जिनका ऑडिशन देर शाम तक चला है। उन्होंने बताया कि इस दौरान गायन और नृत्य विधाओं में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि ऑडिशन प्रक्रिया 10 अक्तूबर तक चलेगी जबकि इसके अलावा 13 अक्तूबर को आनी निरमंड के कलाकारों के लिए अलग से ऑडिशन प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जो आनी में होगी।