केलांग (लाहौल-स्पीति)। कांगड़ा भूकंप की 121वीं वर्षगांठ के अवसर पर आपदा जागरूकता दिवस मनाया जाएगा। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष किरण भड़ाना ने इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों, संस्थाओं और पंचायती राज प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने बताया कि 1905 के कांगड़ा भूकंप में 20,000 से अधिक लोगों की जान गई थी। इसकी स्मृति में यह दिवस मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य भूकंप जैसे प्राकृतिक खतरों के प्रति लोगों को जागरूक और तैयार करना है। यह पहल हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत की जा रही है।
चार अप्रैल को जिले में एक साथ शेक आउट ड्रिल आयोजित होगी, जिसमें ड्रॉप, कवर एंड होल्ड ऑन अभ्यास करवाया जाएगा। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षित निकासी ड्रिल भी करवाई जाएगी। भूकंप के लिए संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण लाहौल-स्पीति में जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। संवाद