मॉक ड्रील---मनाली में आपदा के दौरान राहत कार्य की मॉक ड्रील करते एनडीआरएफ के जवान।-डीपीआरओ
सोलंगनाला (कुल्लू)। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) कुल्लू के सौजन्य से सोलंगनाला स्थित रोपवे में संभावित आपदा से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को सुदृढ़ करना और आपदा के समय त्वरित राहत एवं पुनर्वास कार्यों की तैयारी का आकलन करना था।
मॉक ड्रिल के दौरान रोपवे में तकनीकी खराबी का परिदृश्य तैयार किया गया, जिसमें तीन व्यक्तियों के फंसने की स्थिति दर्शाई गई। सूचना मिलते ही बचाव दलों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस अभ्यास में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), आईटीबीपी, पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मॉक ड्रिल के दौरान संचार व्यवस्था, त्वरित प्रतिक्रिया, तकनीकी उपकरणों के उपयोग, चिकित्सा सहायता और भीड़ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल में भारत सरकार के मास्टर ट्रेनर दिलीप कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा सहायक कमांडेंट एनडीआरएफ करम सिंह, दीपक बिस्ट सहित एनडीआरएफ की 25 सदस्यीय टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।