बंजार (कुल्लू)। औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 के त्वरित उत्थान और चौड़ीकरण को लेकर बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने लोक निर्माण राजमार्ग अनुभाग के मुख्य अभियंता अजय कपूर से मुलाकात की। शिमला में हुई इस भेंट में विधायक ने हाईवे की वर्तमान स्थिति से अवगत करवाया और इसे जल्द दुरुस्त करने की मांग की।
इस पर लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ने कहा कि घियागी से बंजार तक विस्तृत टारिंग कार्य के लिए फिर से निविदाएं आमंत्रित कर दी गई हैं। उन्हें उम्मीद है कि इस बार निर्धारित मापदंडों को पूरा करने वाला सक्षम ठेकेदार चयनित होकर इस कार्य को शीघ्र शुरू करेगा।
वहीं बंजार से औट तक हाईवे भी टारिंग का प्रपोजल केंद्र सरकार को भेजा है और इसकी स्वीकृति दिलाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। पूर्व में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार को टर्मिनेट करने की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए विभाग को निर्देशित किया गया है।
इसके अलावा हाईवे-305 के चौड़ीकरण के लिए लगभग 700 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं का प्रपोजल केंद्र सरकार को भेजा गया है। मुख्य अभियंता आपत्तियों को दूर कर एक माह के भीतर फिर से भेजने का आश्वासन मुख्य अभियंता अजय कपूर द्वारा दिया गया है। विधायक शौरी ने कहा कि राजमार्ग न केवल हमारी क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था बल्कि पर्यटन व यातायात के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। इसके शीघ्र उन्नयन के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।