सरकार, प्रशासन की लापरवाही पर जताई नाराजगी, राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश
चेताया- प्रशासन ने समय रहते कदम नहीं उठाए तो ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूली/सैंज (कुल्लू)। घाटी के दरमेढा में भूस्खलन का खतरा बरकरार है। रविवार को बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर संवेदनाएं प्रकट कीं। लगातार हो रही बारिश के चलते गांव के समीपवर्ती पहाड़ी क्षेत्र से पत्थर और मलबा गिर रहा है। इससे गांव के 14 परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करना पड़ा है। भूस्खलन की आशंका के चलते पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने सरकार और प्रशासन की असंवेदनशीलता और उदासीन रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पूरे गांव के प्रभावित होने के बावजूद अभी तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही किसी प्रकार की राहत या अस्थायी शिविर की कोई व्यवस्था की गई है। विधायक शौरी ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर तत्काल राहत व बचाव कार्य आरंभ करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन समय रहते कार्रवाई नहीं करता है तो जनप्रतिनिधियों को जनता के साथ सड़क पर उतरने को विवश होना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने विधायक को अपनी समस्याएं बताईं और तुरंत राहत की मांग की। विधायक ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे स्वयं इस मामले की निगरानी करेंगे और प्रभावितों को हर संभव सहायता दिलवाने के लिए तत्पर रहेंगे। गौरतलब है कि पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। इस कारण 14 मकान खाली किए गए हैं। लोगों ने खेतों में तंबू गाड़े हैं। कुछ लोगों ने रिश्तेदारों के घरों में शरण ली है।