हुरलिंग का भी किया दौरा, समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। स्पीति दौरे के दौरान सोमवार को ताबो, हुरलिंग और गियू क्षेत्रों में पहुंचीं विधायक अनुराधा राणा ने स्थानीय लोगों से संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी जारी किए। ग्रामीणों ने सड़क, पानी और बिजली सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे विधायक के समक्ष उठाए और उनके समाधान की मांग की।
विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे लारजे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दोरजे छेरिंग, टीएसी सदस्य छेवांग, युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं टीएसी सदस्य केसंग रापचिक आदि मौजूद रहे। संवाद