लाहौल स्पीति के लिंडूर गांव में हो रही भूस्खलन क्षेत्र का दौरा करती विधायक अनुराधा राणा।-संवाद
अधिकारियों को दिए नुकसान का आकलन करने के निर्देश
प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद करने का दिया भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। विधायक लाहौल-स्पीति अनुराधा राणा मंगलवार को लोगों का दुख-दर्ज जानने गोहरमा पंचायत के लिंडूर गांव पहुंचीं। उन्होंने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के साथ जहां जमीन में दरारें आई हैं, उस क्षेत्र में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। संबंधित विभाग को इस बार दोबारा हुए नुकसान की आकलन रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश भी दिए हैं। साथ ही विधायक ने फसल नुकसान पर बीज देने और स्प्रिंकलर मुहैया करवाने का भी आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों की मांग पर विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि भूस्खलन वाली जगह पर ट्रायल के तौर पर कुछ मीटर में सीसी दीवार भी लगाई जाएगी। विधायक ने कहा कि वे लिंडूर गांव के लोगों का दर्द समझ रहे हैं। इस विषय पर वह शिमला जाकर प्रदेश मुख्यमंत्री से भी इस पर विस्तार से चर्चा करेंगे। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश भी जारी किए हैं कि वह समय-समय पर लिंडूर गांव जाकर वहां की स्थिति जानने के साथ ही ग्रामीणों के संपर्क में रहे।
बता दे कि पांच साल से भूस्खलन के चलते लिंडूर गांव पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। यहां धीरे-धीरे जमीन धंस रही है हालिया में गांव के साथ लगते खेत खलियान फिर से धंसने शुरू हो गए हैं, हाल ही में लोगों ने खेत में आलू की फसल लगाई है। पिछले चार पांच साल से लगातार गर्मियों के दिनों जाहलमा नाले में लगातार बाढ़ से लिंडूर गांव के नीचे जमीन में हो रही भूस्खलन से लिंडूर गांव को ही खतरा मंडरा रहा है।
विधायक के लिंडूर दौरे के बीच स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौके पर तैनात रहे। तहसीलदार केलांग रमेश राणा ने बताया कि लिंडूर गांव में जमीन धंसने व भूस्खलन का आंकलन किया जा रहा है। विधायक ने मंगलवार को गांव का दौरा किया है। लिहाजा, प्रशासन इसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। संवाद