जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में बोले सहायक आयुक्त
उपमंडल स्तर पर समीक्षा बैठक करने के निर्देश जारी किए
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं की बिक्री और उपयोग पर तुरंत प्रभाव से रोक लगाई जाए। सहायक आयुक्त शशिपाल नेगी ने अधिकारियों को इस संदर्भ में दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने मंगलवार को जिला में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक वस्तुओं के उपयोग और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की।
बचत भवन कुल्लू में आयोजित इस समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कुल्लू जिले में सभी संबंधित अधिकारियों को प्रभावी निगरानी प्रणाली स्थापित करने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद हो सके और हमारे वातावरण को इसके दुष्प्रभाव न पड़े।
नेगी ने इस दौरान जिला के सभी उपमंडलाधिकारी को भी अपने स्तर पर नियमित समीक्षा करने को कहा है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, नगर परिषद और नगर पंचायत के वरिष्ठ अधिकारियों को व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर दिशा निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए और कहा कि इसके लिए निगरानी प्रणाली को और सशक्त बनाया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को विशेष प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा है कि प्रशासन की ओर से इस संदर्भ में कार्रवाई की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जाएंगे और उनसे जुर्माना भी लिया जाएगा।