घाटी दौरे के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते हुए विधायक अनुराधा राणा। जागरूक पाठक
केलांग (लाहौल-स्पीति)। विधायक अनुराधा राणा ने मंगलवार को उदयपुर क्षेत्र का दौरा कर थिरोट तक करीब नौ गांवों के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क, पानी, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुखता से उठे। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कई समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई कर लोगों को राहत दी।
विधायक अनुराधा राणा शिमला से अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंची हैं। उन्होंने ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निपटारा मौके पर संभव है, उन्हें तुरंत हल किया जाए। विधायक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं और मांगों को आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अन्य गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनकी आवाज विधानसभा तक पहुंचाई जाएगी।