मनाली पहुंचे ग्रामीण एंवम शहरी तकनीकी मंत्री राजेश धर्माणी से मिलते लोग।-संवाद
मनाली। ग्राम, नगर नियोजन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी सोमवार को मनाली पहुंचे। मनाली पहुंचने पर उपमंडलाधिकारी गुंजीत सिंह चिमा और स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। कुंजम होटल में स्थानीय कारोबारियों ने मंत्री के समक्ष मनाली की विभिन्न समस्याओं को रखा। पर्यटन कारोबारियों ने होटलों के पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए बने नए नियमों को सरल बनाने की मांग की।
पर्यटन कारोबारियों ने मांग रखी कि मनाली शहर के लिए विशेष मास्टर योजना तैयार होनी चाहिए। शहर में पार्किंग की समस्या गंभीर हो गई है। बड़ी पार्किंग के बनाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। मनाली विकास परिषद के अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने कहा कि मंत्री ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और इस पर कार्य करने आश्वासन दिया। इस दौरान डीएसपी केडी शर्मा, कांग्रेस नेता गौतम ठाकुर, होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर आदि मौजूद रहे। संवाद