कुल्लू। जिला परिषद कैडर के अधिकारी और कर्मचारी पंचायती राज विभाग और ग्रामीण विकास का कार्य कर रहे हैं। जिला परिषद कैडर होने की वजह से अधिकारियों और कर्मचारियों को पे कमीशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस लाभ के न मिलने की वजह यह है कि वह विभाग के कर्मचारी नहीं हैं। ऐसे में उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
यह बात जिला परिषद कैडर अधिकारी और कर्मचारी महासंघ कुल्लू के अध्यक्ष दुनीचंद भारती ने कही। महासंघ की बैठक खंड विकास अधिकारी कुल्लू कार्यालय में हुई। इस बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी लंबे समय से चली आ रही सभी मांगों को दोहराया और प्रदेश सरकार से मांगों पर गौर करने का आग्रह किया है।
साथ ही सरकार को चेताया कि अगर मांगों को नहीं माना गया तो निकट भविष्य में अधिकारी-कर्मचारी काम बंद कर सकते हैं। महासंघ कुल्लू के अध्यक्ष दुनीचंद भारती ने कहा कि कैडर के अधिकारियों और कर्मचारियों को हर सुविधा के लिए कैबिनेट से मंजूरी लेनी पड़ती है, जबकि कैडर के अधिकारी और कर्मचारी जिला परिषद कैडर को विभाग में मर्ज करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रविवार को आयोजित बैठक में जिला परिषद कैडर के पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक, कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता और अन्य कर्मचारियों ने एक मत में सरकार से विभाग में शामिल करने की मांग की है ताकि उन्हें पे कमीशन का लाभ मिल सके।
इस दौरान महासचिव मुरारी लाल, उपाध्यक्ष मीरा देवी, संयुक्त सचिव सीता राम, कोषाध्यक्ष किशन ठाकुर, राज्य कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र ठाकुर, मुख्य संरक्षक यशपाल, कुल्लू खंड अध्यक्ष राज कुमार और भुंतर खंड अध्यक्ष परमेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।