कुल्लू। जिला प्रशासन ने आगामी मानसून को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग व बिजली बोर्ड को मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए अभी से आवश्यक प्रबंध करने को कहा है।
उपायुक्त ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान राज्य स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों की अक्षरश: पालना करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि जिले में आपदा प्रबंधन के लिए 8.33 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध है। इसके लिए उन्होंने लोक निर्माण विभाग को बहाली तथा मरम्मत कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने को कहा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वैकल्पिक सड़क की समय पर मरम्मत व रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। लोगों को पीने के पानी की समस्या न हो, इसके लिए जलशक्ति विभाग अभी से तैयारियां शुरू कर दें। बिजली बोर्ड के अधिकारियों को जिले में सभी लाइनों का निरीक्षण करने को कहा। साथ ही बिजली की लाइनों को मकानों से उपयुक्त दूरी पर रखने की हिदायत दी। लोक निर्माण विभाग को अपनी मशीनरी व श्रम शक्ति को भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर डोजर, जेसीबी की अभी तसे तैनाती की जाए। उधर, इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र ने अवगत करवाया कि सभी अस्पतालों में सांप के जहर के उपचार के टीके उपलब्ध हैं और इसके अलावा सभी 108 एंबुलेंस में भी यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि जिले के सभी क्षेत्रों में उचित मूल्यों की दुकानों तथा खुले बाजार में पर्याप्त खाद्यान्न व आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध हैं।