कुल्लू में आगनबाड़ी कार्यकर्ता की बैठक में मौजूद सदस्य।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिला कुल्लू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ की बैठक जिला अध्यक्ष योग रानी और सुनीता देवी की अध्यक्षता में हुई है। बैठक में कुल्लू अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष दिले राम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं व मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। जिला अध्यक्ष योग रानी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग की कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 18 हजार रुपये, आंगनबाड़ी सहायिकाओं को 9 हजार रुपये मानदेय दिया जाए। सेवाकाल के दौरान बेहतर सेवा देने पर कार्यकर्ताओं को अधीक्षक के पद पर पदोन्नत करने, पदोन्नति में आयु सीमा में छूट देने, प्री-प्राइमरी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ही अध्यापिका नियुक्त करनेे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अन्य विभागों में समायोजित करने, सर्दियों में सरकारी स्कूलों के बच्चों की तर्ज पर आंगनबाड़ी के बच्चों को भी अवकाश प्रदान करने तथा कार्यकर्ताओं को नियमित कर्मचारी घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आगामी बजट में मुख्यमंत्री बजट का प्रावधान कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को राहत प्रदान करें। इस मौके पर लगभग सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं के साथ राज्य चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर ठाकुर भी मौजूद रहे।