कुल्लू। जिले में एक दिन की हड़ताल के बाद मेडिकल स्टोर खुल गए हैं, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को राहत मिली है। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में स्थापित तीन दवा केंद्रों पर भी मरीजों की भीड़ कम रही। लोगों को दवाओं के लिए लंबी लाइनों में खड़ा नहीं होना पड़ा। मरीजों और उनके परिजनों ने सुविधानुसार मेडिकल स्टोरों से दवाएं खरीदीं।
बुधवार को ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के फैसले के समर्थन में जिला कुल्लू केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने जिले के सभी मेडिकल स्टोर बंद रखे थे। जिले के करीब 300 छोटे-बड़े मेडिकल स्टोर बंद रहने के कारण मरीजों को अस्पतालों में दवा के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ा था। हालांकि वीरवार को स्थिति सामान्य रही।
मेडिकल स्टोर खुलने से मरीजों और उनके तीमारदारों ने राहत महसूस की। मरीज अभिनव, शुभम, रितिक, विशाल, जाह्नवी, मोनिका, शकुंतला और मोहलता ने बताया कि मेडिकल स्टोर खुलने से उन्हें काफी सुविधा मिली है और दवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि चिकित्सक से उपचार करवाने के बाद सीधे मेडिकल स्टोर से दवाएं मिल गईं। हालांकि पिछले दिन उपचार के लिए आए मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी थी, लेकिन वीरवार को दवा लेने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई।
वहीं, जिला कुल्लू केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने कहा कि एक दिन की हड़ताल के बाद मेडिकल स्टोर खोल दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने ऑनलाइन दवा वितरण के मामले में जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।