घियागी से जलोड़ी दर्रा हाईवे-305 की टारिंग का निरीक्षण करते एनएच के अधिशाषी अभियंता केएल
कुल्लू। औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 का सफर अब सुहाना होगा। एनएच ने अब तीसरे चरण की टारिंग का काम घियागी से जलोड़ी दर्रा तक शुरू कर दिया है। दस किमी लंबी इस सड़क पर 2.20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
अब जलोड़ी दर्रा, सोझा, सरयोलसर और रघुपुरगढ़ के साथ आनी और शिमला जाने वाले पर्यटकों के साथ आम लोगों को हिचकोले खाने से राहत मिलेगी। लंबे अरसे के बाद हो रही हाईवे की टारिंग से घाटी के पर्यटन कारोबारियों के साथ किसानों-बागवानों ने खुशी जताई है। खासकर सेब सीजन में रघुपुर घाटी और जलोड़ी क्षेत्र के बागवान उत्पाद बेचने के लिए कुल्लू की मंडियों में लाते हैं।
एनएच ने पहले चरण में औट से लेकर बंजार तक करीब 23 किलोमीटर हाईवे में पैचवर्क का काम किया है। इसके बाद दूसरे चरण में बंजार से घियागी तक 10 किलोमीटर के दायरे में टारिंग और अब तीसरे चरण में घियागी से 10,280 फीट ऊंचे जजोड़ी दर्रा तक टारिंग की जा रही है। एनएच ने दोनों तरफ से टारिंग का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।
पर्यटन कारोबारी राजेंद्र, ललित कुमार, बागवान सुरेंद्र ठाकुर, जगदीश ठाकुर, लाल चंद ठाकुर, हेत राम ठाकुर व किशोरी लाल ने कहा कि हाईवे-305 की टारिंग हो रही है। अब हाईवे में गड्ढे नजर नहीं आएंगे और सफर भी आरामदायक होगा। हाईवे की टारिंग अच्छी और गुणवता वाली हो। एनएच-305 के अधिशासी अभियंता केएल सुमन स्वयं टारिंग कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टारिंग का काम जोरों के साथ आरंभ कर दिया है। जल्द पूरा कर लोगों को सुविधा मिलेगी।