कुल्लू। जिला कुल्लू के 15 मील पुल से एक पर्यटक की फोटो लेते समय ब्यास नदी में गिरने से मौत हो गई है। हादसा रविवार दोपहर बाद पेश आया।
युवक की पहचान संतोष मेडिकल कॉलेज गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के प्रशिक्षु आर्यन खान के रूप में हुई है। आर्यन खान (22) पुत्र शकीर अली निवासी जी-25, गली नंबर 18, एचओ ईस्ट दिल्ली का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि आर्यन खान अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने आया था।
15 मील पुल पर आर्यन खान फोटो खिंचवाने लगा। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वह ब्यास में गिर गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नदी से बाहर निकाला। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष शर्मा ने कहा कि घटना के संबंध में परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि इस प्रकार के हादसों से बचने के लिए नदी, पुलों के पास एहतियात बरतें। संवाद