कुल्लू। जिला कुल्लू में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। शहरों के साथ गांव भी संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। लेकिन लगघाटी की दुर्गम ग्राम पंचायत माशणां में अभी कोरोना नहीं पहुंच पाया है। यह लगघाटी की एकमात्र ऐसी पंचायत है, जहां पिछले साल से कोरोना संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है। इसका सबसे बड़ा कारण पंचायत में कार्यक्रमों के आयोजन पर पूर्ण प्रतिबंध है।
माशणां, थाच, डिंगडिंगी, शेगला, गदसेहड़ गांव में बाहरी लोगों के आने पर रोक है। पंचायत की ओर से लगाई गई पाबंदियों का ग्रामीण सख्ती से पालन कर रहे हैं। इसके चलते पंचायत में हालात सामान्य है। ऐसा नहीं है कि पंचायत में जनसंख्या कम हो, जिस वजह से कोरोना का संक्रमण नहीं फैला रहा। पंचायत में पांच वार्ड हैं, जिनमें करीब दो हजार आबादी है। संक्रमण की चपेट में न आने का कारण लोगों की जागरूकता है। पंचायत में कोरोना की दूसरी लहर के बीच शादी-विवाह और अन्य आयोजनों पर प्रतिबंध है। ग्राम पंचायत प्रधान बलदेव सिंह ने कहा कि सभी वार्डों में नियमों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। एक गांव से दूसरे गांव में जाने में भी ग्रामीण परहेज कर रहे हैं। किसी की मौत होने पर एसओपी के तहत ग्रामीणों को दाह संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी गई है। उधर, खंड विकास अधिकारी कुल्लू जयवंती ठाकुर ने कहा कि लगघाटी में माशणां पंचायत को छोड़कर सभी पंचायतों में एक-दो कोरोना के मामले सामने आ चुके हैं।