न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी की पहाड़ियों में पिछले दो दिन से आग लगने की सिलसिला जारी है। न्यूली के साथ लगती खोला-आगे की घासनी में मंगलवार को आग भड़क गई।
यह आधा किलोमीटर के दायरे में तेजी से फैली। घासनी होने की वजह से आग देवता मनु ऋषि के मंदिर और सराय के निकट पहुंच गई थी। स्थानीय युवक मंडल के युवाओं ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने में कामयाबी हासिल की। ऐसे में मंदिर और सराय को आग की भेंट चढ़ने से बचाया गया।
गौर रहे कि गत सोमवार को घाटी के शफाडी गांव साथ घासनी में आग लगी थी। इससे दो गांवों को खतरा हो गया था। इसे भी ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए समय रहते बुझाया था। थान युवक मंडल के प्रधान तेजराम, ओमदत्त, चंद्रसेन, तापे राम, बली राम, दोत राम, लाल सिंह, रामलाल ने कहा कि घासनी में लगी आग पर काबू पाया गया। इसकी चपेट में आने से मंदिर और सराय को बचाया गया है। उन्होंने जल शक्ति विभाग से टैंक का निर्माण जल्द करने की मांग उठाई है। जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता गोपाल ने कहा कि टैंक का प्राक्कलन तैयार कर उपायुक्त कार्यालय मंजूरी के भेजा गया है।