कुल्लू। मणिकर्ण से बरशैणी की तरफ वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। घटीगढ़ में मंगलवार सुबह से बंद पड़ी मणिकर्ण-बरशैणी सड़क बुधवार को 28 घंटे बाद बहाल हुई। सड़क बहाल होने के बाद पर्यटकों सहित आम लोगों ने राहत की सांस ली है।
सड़क खुलते ही बरशैणी, तोष, पुलगा आदि गांवों में रुके करीब दो सौ पर्यटक भी सुरक्षित निकल गए। वहीं, कई पर्यटकों ने बरशैणी की तरफ रुख किया। पर्यटक सड़क बंद होने के बाद यहां फंस गए थे। गौर रहे कि एक दिन पहले घटीगढ़ में भूस्खलन हुआ था। मलबे की चपेट में आने से तीन टैक्सियां भी बाल-बाल बच गईं थीं। 28 घंटे तक घटीगढ़ में मणिकर्ण और बरशैणी के बीच वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। गौर रहे कि मणिकर्ण-बरशैणी सड़क के घटीगढ़ में भूस्खलन लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। यहां पर साफ मौसम में भी भूस्खलन हो रहा है। घटीगढ़ में भूस्खलन का सिलसिला नहीं थम रहा है। इसके चलते वाहनों की आवाजाही ठप होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता गोविंद ठाकुर ने कहा कि सड़क को वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि घटीगढ़ में पहाड़ी की सीधी कटिंग के कारण इस तरह की समस्या पेश आ रही है। यहां पर वैकल्पिक मार्ग बनाने की कोशिश की जा रही है, जिससे समस्या का स्थायी समाधान हो सके।