मनाली। दशहरा उत्सव और वीकेंड की छुट्टियों के बावजूद मनाली में पर्यटन कारोबार रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। पिछले सप्ताह के मुकाबले इस सप्ताह पर्यटकों की आमद में गिरावट दर्ज की गई है। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद थी कि छुट्टियों के चलते पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, लेकिन अपेक्षित भीड़ नहीं पहुंचने से उन्हें निराशा हाथ लगी है।
ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार, इस सप्ताह मनाली में रोजाना 500 से 600 पर्यटक वाहन पहुंच रहे हैं, जबकि पिछले सप्ताह यह संख्या करीब एक हजार प्रतिदिन थी। वोल्वो बसों की आमद में भी कमी आई है। इस सप्ताह रोजाना 50 से 60 वोल्वो बसें मनाली पहुंच रही हैं, जबकि पिछले सप्ताह इनकी संख्या 100 से अधिक थी।
रोहतांग दर्रे और आसपास के पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी के बाद पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद थी। दशहरा उत्सव और वीकेंड को देखते हुए होटल कारोबारियों, टैक्सी ऑपरेटरों और अन्य पर्यटन कारोबारियों को भी अच्छे कारोबार की आस थी। हालांकि, पर्यटकों की संख्या में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं होने से पर्यटन गतिविधियां धीमी बनी हुई हैं।
पर्यटन कारोबारी रोशन लाल, अजय कुमार, सुमन शर्मा और किरण कुमार ने कहा कि इस सप्ताह कारोबार फीका चल रहा है। दशहरा और वीकेंड के कारण पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन पिछले सप्ताह की तुलना में संख्या में बढ़ोतरी होने के बजाय गिरावट आई है। इसका सीधा असर पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा है। संवाद