मनाली के मॉल रोड़ पर धीरे-धीरे बढ़ने लगी पर्यटको की संख्या।-संवाद
मनाली। शहर के मालरोड पर वीकेंड में पर्यटकों की चहल कदमी बढ़ी है। मंदी की मार झेल रहे पर्यटन कारोबार को वीकेंड की भीड़ से कुछ राहत मिली है। पिछले दो दिन बड़ी संख्या में पर्यटक मनाली आए। ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार दो दिनों में लगभग 1100 पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे। करीब 150 से ज्यादा वोल्वो बसों में भी सैलानियों ने मनाली का रुख किया।
पर्यटकों की बढ़ी संख्या से मालरोड सहित शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रौनक देखने को मिली। मनाली पहुंचने वाले अधिकांश पर्यटक अटल टनल, सिस्सू और जिस्पा की ओर घूमने निकल रहे हैं। शाम होते ही पर्यटक मनाली के मालरोड पर सैर करते हैं। मालरोड पर सैर के साथ खरीदारी भी कर रहे हैं। इससे कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए हैं।
कारोबारियों का कहना है कि मौसम अनुकूल रहने पर 15 सितंबर के बाद और अक्तूबर में पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है। पर्यटन कारोबारी भूपेश का कहना है कि 15 सितंबर के बाद रौनक बढ़ेगी। ऑनलाइन बुकिंग का दौर शुरू हो गया है। पर्यटक अब मनाली का रुख कर रहे हैं। कारोबारियों ने दशहरा सीजन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। छुट्टी पर भेजे होटल स्टाफ को फिर से बुलाया जा रहा है। रोशन, गौतम ठाकुर, लुदर चंद ने कहा कि इस बार बरसात में भी पर्यटक मनाली आते रहे। संवाद