शुक्रवार को मनाली के माल रोड पर महानाटी की रिहर्सल में ब्यास नदी के दोनों ओर यानी राइट और लेफ्ट बैंक की महिलाओं ने रिहर्सल में भाग लिया। सभी महिला मंडलों से दो-दो महिलाएं आमंत्रित की गईं थीं। गौरतलब है कि 20 से 24 जनवरी तक राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवल का आयोजन होगा। पिछले साल इस साल पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों की मांग पर कार्निवल की तिथि में बदलाव किया गया था। इस साल भी कार्निवल 20 से 24 जनवरी तक चलेगा। इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
कार्निवल में 21 को राइट बैंक और 23 जनवरी को लेफ्ट बैंक के महिला मंडलों की महानाटी होगी। रिहर्सल में सभी महिलाएं रंग-बिरंगे पट्टू और धाठू में नजर आईं। इस दौरान पर्यटकों ने भी महानाटी का लुत्फ लिया। पर्यटकों ने इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल में कैद किया और सेल्फी भी ली। कार्निवल की संस्कृति समिति के अध्यक्ष बालक राम ने महिलाओं को रिहर्सल करवाई। उन्होंने कहा कि दो दिन होने वाली महानाटी में विजेता रहने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।