गलत पार्किंग, अव्यवस्था के चलते पर्यटकों को झेलनी पड़ रहीं परेशानियां
सड़क के किनारे खड़े वाहन और पुलिस कर्मी की तैनाती न होना भी कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। मनाली में क्रिसमस से पहले बढ़ती पर्यटकों की संख्या के साथ ट्रैफिक जाम विकराल रूप धारण करने लगा है। हिडिंबा मंदिर मार्ग पर जाम से बचने के लिए वाहन चालक लॉगहट्स मार्ग का रुख कर रहे हैं लेकिन वहां भी गलत पार्किंग और अव्यवस्था के चलते वाहनों को घंटों फंसना पड़ रहा है।
जाम के चलते पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गलत तरीके से हो रही वाहनों की पार्किंग से पर्यटक घंटों तक जाम में फंस रहे हैं।
दरअसल, हिडिंबा मंदिर मार्ग पर मेला मैदान से डीपीएस स्कूल तक अकसर जाम लग जाता है। सड़क के किनारे वाहन खड़े होने से यहां वाहनों को पास लेने की जगह तक नहीं बचती। मंगलवार को भी इस तरह की स्थिति बनी रही। इस जाम से बचने के लिए लोग डीपीएस स्कूल से लॉगहट्स मार्ग होते हुए बाजार की ओर निकले लेकिन यहां भी सड़क के दोनों ओर वाहनों को अवैध तरीके से खड़े करने के कारण जाम लगा रहा। सड़क के किनारे वाहन खड़े होने के कारण वाहनों को पास लेने की जगह नहीं मिली जिससे लगभग आधा घंटे तक यहां जाम लगा रहा। हैरत यह है कि जाम को खुलवाने के लिए यहां पुलिस का कोई जवान भी मौजूद नहीं था। पर्यटक खुद जाम से जूझते हुए देखे गए।
स्थानीय निवासी मोहन लाल, रोशन लाल, प्रीतम चंद और नंद लाल का कहना है कि अकसर यह समस्या हो रही है। सीजन में तो इन दोनों ही सड़कों पर वाहन दिनभर रेंगते रहते हैं। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस जवानों की कमी चल रही है। 20 दिसंबर तक अतिरिक्त जवान पहुंच जाएंगे। उसके बाद समस्या के समाधान के लिए जगह-जगह जवान तैनात किए जाएंगे।