कुल्लू। पुलिस ने पर्यटन नगरी मनाली में आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से पैसे लूटने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को दबोचा है। उसके खिलाफ केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार वीरवार रात को मनाली पुलिस का दल रात्रि गश्त पर था। इस दौरान पुलिस को एक एटीएम से आवाज सुनाई दी। जब पुलिस एटीएम के पास पहुंची तो देखा कि एक व्यक्ति एटीएम मशीन को खोलने और पैसे लूटने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन उसे तुरंत पकड़ लिया। जांच में पाया कि व्यक्ति एटीएम को काटने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी 40 वर्षीय अमोल निवासी मुलबा, तहसील उमरखेड़ा, जिला यवतमाल, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम मशीन में करीब पांच लाख रुपये से अधिक की नकदी थी। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।