कुल्लू के आशा क्लब सरवरी में पोषण माह के समापन पर पुस्कृत करते हुए।-संवाद
कुल्लू। कुपोषण एवं एनीमिया के स्तर पर कमी लाने के लिए सामाजिक सहभागिता जरूरी है। यह बात आशा क्लब सरवरी में जिला स्तरीय पोषण माह के समापन कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी कुल्लू डॉ. पदम देव शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि इस साल 7वें राष्ट्रीय पोषण माह में एनीमिया की रोकथाम, विकास निगरानी, पोषण भी पढ़ाई भी और पूरक पोषण आदि महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित कर लोगों को जागरूक किया। समापन कार्यक्रम में शुक्रवार को जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे।
मुख्यातिथि पंकज परमार नेे कहा कि आंगनबाड़ी न केवल नौनिहालों के लिए, बल्कि गर्भवती महिलाओं के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐेसे में नौनिहालोंं के सर्वांगीण विकास और पोषण के लिए माता-पिता अपने बच्चे को आंगनबाड़ी केंद्र भेजना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में आयुष विभाग से मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. मनीष सूद उपस्थित रहे।
उन्होंने आयुर्वेद के अनुसार भोजन और सही दिनचर्या की जानकारी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी कुल्लू गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम में बेटियों के जन्म पर माताओं को बधाई पत्र और बेबी किट बांटे गए। मन्नत कलामंच की ओर से गीता-संगीत और नाटक के माध्यम से उपस्थित लोगों को पोषण आहार, खून की कमी के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की ओर से मोटे अनाज, लोकल सब्जियों से कई व्यंजन बना कर प्रदर्शित किए गए। इसमें वृत्त कुल्लू-एक ने प्रथम, वृत्त कुल्लू-दो ने द्वितीय और आंगनबाड़ी केंद्र ब्रामंग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में प्रथम स्थान पर गीतांजलि, द्वितीय स्थान पर पेमा और तृतीय स्थान पर किरण रही। रंगोली में नीलम एवं टीम ने प्रथम, सहभागिता एनजीओ की टीम ने द्वितीय और अनिता एवं टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संवाद