किलाड़ से कुल्लू की तरफ आ रही बस में रखी सेब की पेटिया और सवारी खड़ी।
केलांग। एचआरटीसी केलांग डिपो की बसों में सवारियां खड़े-खड़े सफर करने को मजबूर हैं। शुक्रवार को उदयपुर से केलांग तक कई सवारियों को सीट नहीं मिली जबकि बस की आखिरी सीटों में सेब की पेटियां रखी गई थीं। इस कारण यात्रियों को उदयपुर से केलांग तक सीट न मिलने से 56 किमी का सफर खड़े होकर करना पड़ा।
इसको लेकर यात्रियों में एचआरटीसी के प्रति भारी रोष है। निगम की बस उदयपुर से 2:30 बजे जिला मुख्यालय केलांग के लिए निकली थी। बस की सवारियों ने निगम प्रबंधन से इसकी जांच किए जाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि बस की सीट में रखी सेब की चार पेटियों को किलाड़ से लाया गया था। आरएम आयुष उपाध्याय ने बताया कि मामला ध्यान में नहीं है। जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।