राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य पर ढालपुर में आयोजित मिनी मैराथन में युवाओं से लेकर बुजुर्गों ने खूब जोश दिखाया। रविवार सुबह आयोजित इस मिनी मैराथन में 15 से 24 वर्ष 25-40, 40 से अधिक और 60 वर्ष से अधिक आयु के वर्गों में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। डीसी ने कॉलेज गेट पर इस मिनी मैराथन का शुभारंभ किया। कॉलेज गेट से यह मिनी मैराथन ढालपुर चौक, शीतला मंदिर और अखाड़ा बाजार होते हुए रामशिला से वापस आकर कॉलेज गेट पर ही संपन्न हुई।
मिनी मैराथन प्रतियोगिता के चार अलग-अलग आयु वर्गों में अनिश, संगीता, सोनू, मंजू सागर और कश्मीर सिंह ने पहले स्थान हासिल किए। 15-24 आयु वर्ग में अनिश प्रथम, नितेश कौशल द्वितीय, रजत तृतीय, मनोज चतुर्थ और संजीव ठाकुर पांचवें स्थान पर रहे। लड़कियों के इसी आयु वर्ग में संगीता राणा पहले, संजू दूसरे, चीनू तीसरे, रोशनी चौथे और गीता पांचवें स्थान पर रहीं। 25-40 वर्ष आयु वर्ग में सोनू पहले, रवि ठाकुर दूसरे और खीमी राम तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं के इसी आयु वर्ग में मंजू अव्वल रहीं।
40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में एनसीसी ऑफिसर सागर पहले, एनसीसी एयरविंग के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर अनंत पुजारी दूसरे और महेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे। साठ वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी कश्मीर सिंह परमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार के रूप में नकद राशि और टी शर्ट्स दी गईं। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उपायुक्त राकेश कंवर ने कहा इस तरह की स्पर्धा करवाने का मकसद युवाओं में खेल और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना तथा आम लोगों को शारीरिक फिटनेस का संदेश देना है। इस दौरान जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी संजय शर्मा, उच्चतर शिक्षा के एडीपीईओ रत्न चंद, प्रारंभिक शिक्षा के राम सिंह ठाकुर आदि मौजूद रहे