मनाली। कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी गौतम ठाकुर ने जिला प्रशासन से झाड़ग स्थित महिला मंडल भवन को तत्काल खाली करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वह हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। गौतम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2023 की आपदा के दौरान ब्यास में आई बाढ़ से ग्राम पंचायत वशिष्ठ का भवन क्षतिग्रस्त हो गया था।
इससे ग्राम पंचायत वशिष्ठ और ग्राम पंचायत चचोगा के प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो गए थे। उस समय मनाली प्रशासन के अनुरोध पर उन्होंने झाड़ग स्थित महिला मंडल भवन पंचायत के कार्यों के लिए निशुल्क उपलब्ध कराया था। वर्तमान में लाहौल के आराध्य देव राजा घेपन मलाणा प्रवास पर हैं। अलेऊ में उनके स्वागत, रात्रि विश्राम और सामुदायिक भोज का आयोजन प्रस्तावित है। इस आयोजन के लिए महिला मंडल भवन की आवश्यकता है। 15 दिनों में वह उपायुक्त कुल्लू, उपमंडलाधिकारी मनाली और खंड विकास अधिकारी नग्गर से पांच से अधिक बार भवन खाली करवाने का आग्रह कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। संवाद