कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू के साथ सटी महाराजा घाटी की पहाड़ी रातभर आग से सुलगती रही। पहाड़ी में शनिवार शाम से लगी आग रविवार दोपहर बाद तक सुलगती रही। इससे वन विभाग के पौधरोपण क्षेत्र शेताफाट को भी नुकसान पहुंचा है। घासनी के साथ हरे पौधे भी झुलस गए हैं। इससे वन संपदा को नुकसान हुआ है। पैराग्लाइडिंग साइट शेताफाट से लेकर नगर परिषद के वार्ड नंबर दस कौहूधार तक पहाड़ी में आग लगी रही। विभागीय टीम को आग पर काबू पाने में मशक्कत करनी पड़ी है। दोपहर बाद विभागीय कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
जिले में बारिश न होने के कारण सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। दिवाली से लेकर (31 अक्तूबर) तीन नवंबर तक लगातार अग्निकांड सामने आए हैं। इससे सरकारी और निजी संपदा को नुकसान हुआ है। वन मंडलाधिकारी कुल्लू एंजल चौहान ने कहा कि विभागीय टीम जंगल की आग पर काबू पाने के लिए तैनात है। उन्होंने कहा कि महाराजा बीट में लगी आग पर विभागीय टीम ने काबू पाया है। जंगल को आग के हवाले करने वालों की पहचान की जाएगी और नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद