उपभोक्ताओं की जुटी भीड़, ई-केवाईसी न होने से कई ग्रामीण खाली हाथ लौटे
संवाद न्यूज एजेंसी
सैंज (कुल्लू)। घाटी के उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। 16 दिन से रसोई गैस की किल्लत झेल रहे सैंज क्षेत्र के लोगों का इंतजार शनिवार को खत्म हुआ, जब भारत गैस का ट्रक सैंज पहुंचा। गैस सिलिंडरों की आपूर्ति शुरू होते ही लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, ई-केवाईसी की औपचारिकता पूरी न होने के कारण कई उपभोक्ताओं को मायूसी भी झेलनी पड़ी।
पिछले दो सप्ताह से घरेलू गैस की आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जैसे ही भारत गैस का ट्रक सैंज पहुंचा, उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग सुबह से ही अपने खाली सिलिंडरों के साथ कतारों में खड़े नजर आए। ई-केवाईसी पूरी न होने के कारण कई लोगों को बिना सिलिंडर के ही लौटना पड़ा। नियमों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी, उन्हें नए सिलिंडर जारी नहीं किए गए। इससे दूरदराज के क्षेत्रों से आए लोगों को खासा परेशान होना पड़ा।
खाद्य आपूर्ति विभाग कुल्लू के नियंत्रक शिव राम राही ने बताया कि घरेलू गैस सिलिंडरों की आपूर्ति पहले की तरह नियमित रूप से की जा रही है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया, ताकि असुविधा से बचा जा सके। संवाद