कुल्लू। पर्यटकों के कुल्लू-मनाली का रुख करते ही कुल्लू की सड़कों पर जाम लगने लगा है। सड़कों पर लंबा जाम लगने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को भुंतर में बैली ब्रिज तंग होने के चलते लंबा जाम लग गया।
बैली ब्रिज के एक ओर भुंतर मणिकर्ण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। जाम के चलते लोग परेशान हुए। कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल किया गया।
जाम के चलते सब्जी मंडी भुंतर की ओर जाने वाले किसानों और बागवानों को भी मुश्किलें पेश आईं। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के भुंतर से लेकर मनाली तक सड़कों में जाम लग रहा है। खासकर भुंतर में जाम परेशानी का सबब बना हुआ है। भुंतर का बैली ब्रिज एक तरफ से तंग है। यहां पर वाहनों की आवाजाही सुचारु करने के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान भी तैनात रहते हैं, लेकिन अक्सर जाम लगता है। पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने कहा कि जिला में यातायात को सुचारु रखा जाए, इसके प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से भी अपील करते हुए कहा है कि वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करें। जिससे सड़क में जाम न लगे।