कुल्लू। जिले में एक बार फिर नशा माफिया सक्रिय हो गया है। पर्यटन नगरी मनाली में दो युवकों और एक युवती से पुलिस ने आठ ग्राम चिट्टा पकड़ा है।
ये तीनों आरोपी जगतसुख से मनाली की तरफ लेकर जा रहे थे। इस बीच पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम ने वामतट मार्ग पर प्रीणी में ग्रीन टैक्स बैरियर के समीप नाका लगाया था। इस दौरान पुलिस को जगतसुख से मनाली की ओर एक कार तेज रफ्तार से आती हुई दिखाई दी।
कार को रोका गया। ग्रीन टैक्स बैरियर से कुछ आगे कार रुकी। कार चालक ने अपना नाम संजय कुमार 26, निवासी सजला तहसील मनाली, जिला कुल्लू बताया। लेकिन कार के पीछे बैठे एक युवक और युवती पुलिस को देखकर इधर उधर देखने लगे। तलाशी के दौरान पीछे बैठे हुए युवक मनी राम 24, निवासी सजला, तहसील मनाली, कुल्लू और तानिषा सांगमा 22, निवासी चिरापूंजी, तहसील शिलोंग, मेघालय की तलाशी ली। तलाशी के दौरान तानिषा के पर्स में पुलिस को आठ ग्राम चिट्टा मिला। इसके बाद पुलिस ने मौके पर प्रीणी पंचायत की प्रधान और उप प्रधान को बुलाया। इन सभी के बयान भी दर्ज किए गए। पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस ने नशे की तस्करी के लिए इस्तेमाल होने वाली गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इसे नशे को किसे बेचा जाना था। पुलिस इनके साथियों का भी पता लगाने में जुटी है। नशे का काला कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।