भुंतर (कुल्लू)। मार्च के अंतिम सप्ताह में स्थानीय सब्जियों का सीजन शुरू हो गया है। सब्जी मंडी भुंतर में हरी सब्जियां पहुंचना शुरू हो गई हैं। शुरुआती दौर में कम मात्रा में सब्जियां पहुंच रही हैं। आने वाले दिनों में सब्जियों की मात्रा में इजाफा होगा। शुक्रवार को फूलगोभी 38 से 42 रुपये प्रतिकिलो बिकी। हरा मटर 35 रुपये प्रतिकिलो बिका। बेहतर रेट मिलने से किसान भी खुश हैं।
घाटी के निचले क्षेत्रों में फूलगोभी और मटर लगभग तैयार है। अप्रैल में सब्जियां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी तैयार होंगी। ऐसे में मंडियों में अधिक मात्रा में सब्जियां आएंगी। लोकल सब्जियां शुरू होने से लोगों खासकर गृहणियों को भी राहत मिलेगी। नवंबर से लेकर फरवरी तक पंजाब से आने वाली सब्जियों पर ही लोग निर्भर थे।
अधिक दाम होने के बावजूद गृहणियों को महंगी सब्जियां खरीदनी पड़ रही थीं। मंडियों में जब लोकल सब्जियां आती हैं तो इसका असर मार्केट पर पड़ेगा। लोगों को ताजा सब्जियां कम दामों में उपलब्ध होंगी। किसान प्रीतम सिंह ठाकुर, तोत राम और प्यारू राम ने कहा कि सर्दियों के दौरान जिन किसानों ने गोभी लगाई थी, वह अब तैयार हो चुकी है। इसके साथ ही मटर भी निचले क्षेत्रों से आ रहा है। किसानों को शुरुआती दौर में सब्जियों के दाम भी बेहतर मिल रहे हैं।
इस संबंध में आढ़ती मानस कुमार सूद ने कहा कि सब्जी मंडी में लोकल सब्जियाें की आवक शुरू हो गई है। हालांकि अभी कम मात्रा में सब्जियां पहुंच रही हैं। आने वाले दिनों में कारोबार गति पकड़ेगा।
000