भुंतर (कुल्लू)। पहाड़ी सब्जी लिंगड़ी इन दिनों सब्जी मंडी में पहुंचने लगी है, जहां इसकी अच्छी मांग देखने को मिल रही है। ग्रामीण बड़ी संख्या में लिंगड़ी एकत्र कर मंडी में बेचने के लिए ला रहे हैं, जिससे उन्हें बेहतर दाम मिल रहे हैं।
सब्जी मंडी से लिंगड़ी कांगड़ा, हमीरपुर, शिमला सहित अन्य जिलों में भेजी जा रही है। व्यापारियों में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है और मंडी में पहुंचते ही लिंगड़ी की बिक्री हो रही है।
गौरतलब है कि ग्रामीण जंगलों से लिंगड़ी एकत्र कर बाजार में बेचते हैं, लेकिन कई बार उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पाता। अब किसान सीधे सब्जी मंडी का रुख कर रहे हैं, जहां उन्हें बेहतर कीमत मिल रही है।
औषधीय गुणों से भरपूर लिंगड़ी का उपयोग सब्जी और अचार बनाने में किया जाता है। वर्तमान में मंडी में इसकी आवक के साथ ही अच्छे दाम मिल रहे हैं और आने वाले दिनों में भी कीमतें स्थिर रहने की उम्मीद है।
सब्जी मंडी के आढ़ती मानस कुमार सूद ने बताया कि स्थानीय सब्जियों के साथ लिंगड़ी भी मंडी में बिकने के लिए आ रही है और व्यापारी इसे अच्छी कीमत पर खरीद रहे हैं। संवाद