कुल्लू कॉलेज में कुल्लवी, आनी की नाटी और फागली नृत्य पर झूम उठे विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में मंगलवार को विश्व पर्यटन दिवस की धूम रही। कुल्लवी, आनी की नाटी पर विद्यार्थी जमकर झूमे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनदीप शर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र राजस्थान और गोवा के पर्यटक रहे। टूरिस्ट गाइड जय सिंह ने दोनों पर्यटकों को कुल्लू के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करवाया। सबसे पहले गाइड अपने साथ पर्यटक निखिल और शैलजा को लेकर सुदूर गांव पहुंचा, जहां ग्रामीण परिवेश के रहन-सहन, बोली, खान-पान आदि देखने को मिला।
इसके बाद महाविद्यालय के पर्यटन विभाग के विद्यार्थियों ने नेतृत्व विकास कार्यक्रम पर डॉक्यूमेंट्री का आनंद लिया और फिर पारंपरिक परिधानों में मॉडलिंग की प्रस्तुति दी गई। पर्यटकों के अनुरोध पर लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में कुल्लवी नाटी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने कुल्लवी के साथ आनी की नाटी, फागली और हॉर्न नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया।
प्राचार्य डॉ. मनदीप शर्मा ने विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन विभाग के विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन टूर उपलब्ध करवाने के लिए प्रपोजल बनाकर सरकार को भेजने का आश्वासन दिया। इस दौरान पर्यटन विभाग के अध्यक्ष डॉ. हीरामणि के अलावा डॉ. बृजबाला, डॉ. आरके सिंह, प्रो. सोम किशन, डॉ. रामनाथ, डॉ. मान सिंह राणा, डॉ. संतोष ठाकुर, प्रो. दीप लाल आदि प्राध्यापक उपस्थित रहे। संवाद