पतलीकूहल (कुल्लू)। चंडीगढ़–मनाली नेशनल हाईवे पर पतलीकूहल चौकी के पास गढ़ ढेक क्षेत्र में बारिश के चलते बुधवार देर रात भूस्खलन हो गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे वाहनों में से एक कार भूस्खलन की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहाड़ी से गिरे पत्थर चलती कार में लगे जिससे गाड़ी के एक हिस्से में काफी नुकसान हुआ है।
इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। कार में सवार चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना के दौरान गुजर रहे अन्य वाहनों में सवार लोगों ने मौके से वाहन को हटाने में मदद की। मौके पर अभी भी भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। एसपी मदन कौशल ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस मार्ग पर सफर करते समय विशेष सावधानी बरतें। संवाद