चंबा के लिए जरूरी
हरियाणा और चंबा के हड़सर के युवाओं के साथ चलाया सफाई अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के लला मेमे फाउंडेशन ने पवित्र तीर्थ स्थल मणिमहेश में सफाई की है। फाउंडेशन की दस सदस्यीय टीम को एसडीएम भरमौर कुलबीर राणा ने मणिमहेश के लिए रवाना किया था।
मणिमहेश पहुंचकर लला मेमे फाउंडेशन के सदस्यों ने मणिमहेश युवक मंडल हड़सर और हरियाणा से मणिमहेश की यात्रा पर आए रवि, योगेश, आर्यन, आशीष सहित तीसा के युवकों के साथ सफाई अभियान में भाग लिया। सभी लोगों ने अभियान में परिक्रमा स्थल के साथ झील के आसपास साफ-सफाई की। फाउंडेशन के अध्यक्ष मंगल मनेपा ने बताया कि एसडीएम भरमौर ने सफाई अभियान के लिए आवश्यक सामग्री प्रदान की थी। मनेपा ने कहा कि धार्मिक स्थल की पवित्रता को बनाए रखने के लिए हम सब को सामूहिक प्रयास करने चाहिए।
अभियान में मणिमहेश युवक मंडल हड़सर के सदस्य नेक राज, जनकराज, विजय कुमार और हीरा ने बताया कि स्थानीय युवकों के माध्यम से भी समय-समय पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। एसडीएम कुलबीर राणा ने बताया कि सावन माह में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु मणिमहेश की यात्रा में आते है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से मणिमहेश की पवित्रता को बनाए रखने की अपील की है। इस दौरान लला मेमे फाउंडेशन के रमेश मालपा, सुनीता, पुष्पा, विपिन, पालमो और प्रेम मौजूद रहे। संवाद